चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री खट्टर ने थियेटर में देखी फिल्म कश्मीर फाइल्स, विवेक और पल्लवी पहुंचे गुरुग्राम

रुपहले पर्दे पर खुद की जिंदगी से जुड़ी सच्ची और दर्दभरी कहानी घूम रही हो तो आंखें भर आना स्वाभाविक है। रविवार सुबह जब दिल्ली जयपुर हाईवे के पास सेक्टर-31 स्थित स्टार मॉल के पीवीआर सिनेमा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म देखने पहुंचे कश्मीरी पंडितों के सामने पर्दे पर विस्थापन का दर्द ताजा हुआ तो वे भावुक हो उठे। दोनों हॉल में पहले शो में यही फिल्म दिखाई गई। फिल्म देखने के लिए उमड़ी भीड़ का आलम यह था कि दोनों हाल की क्षमता 761 सीटें भी कम पड़ गईं। कई लोगों ने हॉल की सीढ़ियों पर बैठ कर फिल्म देखी। फिल्म का प्रमोशन करने के लिए निर्देशक विवेक अग्निहोत्री और उनकी पत्नी एवं अदाकारा पल्लवी जोशी भी पहुंची। लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली और सच दिखाने के लिए धन्यवाद दिया।
फिल्म एक के बाद एक कश्मीरी पंडितों का दर्द बयां करते आगे बढ़ रही थी। महिलाओं-बच्चियों के साथ हुई ज्यादती और जबरन पलायन के लिए मजबूर करने के खौफनाक मंजर को पर्दे पर देख आंखें नम होती रहीं। अनेक लोगों ने अपने परिजनों को भी खोया, जिन्हेें याद कर रुलाई फूट गई। कश्मीरी भाषा के संवाद, कश्मीरी भजन और लोकगीतों के साथ वहां के प्राकृतिक नजारों ने लोगों को कुछ देर के लिए उनके पैतृक घरों से जोड़ दिया। उन्हें लगा जैसे वे अपने ही प्रदेश में अपने ही घरों में जी रहे हैं।
सरकार हर हाल में वापसी करवाएगी
फिल्म की शुरुआत से पहले भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ ने कहा कि ये फिल्म कश्मीरियों पर हुए जुल्म का एक फीसदी है। वहां जो हुआ, उसको पूरा दिखाना मुश्किल है। चूंकि मोदी सरकार ने धारा 370 हटा दी है, ऐसे में आप कहीं भी अपना वोट बनवा कर वहां मतदान कर सकते हैं। सरकार हर हाल में आपकी घर वापसी करवाएगी। विश्वकर्मा यूनिवर्सिटी पलवल के कुलपति राज नेहरू ने कहा हम सबको जागृत होना होगा। जैसा कश्मीर में हुआ वैसा कहीं नहीं होने देना है। इस दौरान भारत माता की जय, कश्मीरी पंडित वापस घर जाएंगे के नारे बुलंद हुए। पूरे शो को धीरेंद्र और उनकी टीम ने व्यवस्थित कराया था। अजय पंडित, अशोक काजी, चमन लाल कोल सहित कई लोगों ने व्यवस्था बनाने में सहयोग किया।
फिल्म में जो कुछ दिखाया है। वह बिल्कुल सही है। मैंने भयावह मंजर को अपनी आंखों से देखा था। उस वक्त मैं पॉवर डेवलेपमेंट विभाग में तैनात था। दुख इस बात का भी है कि 32 वर्ष बाद भी हमारी घर वापसी नहीं हो सकी है।
-जवाहर लाल पंडिता, निवासी खाजबाग, बारामूला जम्मू कश्मीर।
फिल्म देखकर पुराने सभी दर्द ताजा हो गए। हमारा वहां से विस्थापन हुआ है और आज भी हम सब बाहर भटक रहे हैं। हमें अपने घरों में कब वापस भेजा जाएगा। हम उस दिन का इंतजार कर रहे हैं। हमारा दर्द कौन सुनेगा।
– राजकुमारी राजदान, कश्मीरी पंडित
फिल्म में सभी किरदारों ने बहुत मेहनत की है। मैं इसको बयां नहीं कर सकती हूं। उन्होंने हमारे दर्द को उकेरा है। किसी तरह से हम वहां से निकल कर खुद को बचा पाए, लेकिन घर छूट गया। अब हमें घर पहुंचने का इंतजार है।
– आशा कुंडू, कश्मीरी पंडित।
Credit Source – https://ift.tt/50vKLDM
The post चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री खट्टर ने थियेटर में देखी फिल्म कश्मीर फाइल्स, विवेक और पल्लवी पहुंचे गुरुग्राम appeared first on Stay in Gurgaon.
Comments
Post a Comment